कौन था सुक्खा दुनेके, जो 41 आतंकवादियों और गैंगस्टरों की लिस्ट में था शामिल, क्या था उसका अपराध?

Advertisement

सुक्खा दुनेके (फाइल फोटो)- India TV Hindi

प्रियंका कुमारी (संवाददाता)

खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर के बाद अब कनाडा में आतंकवादियों और गैंगस्टर की NIA की लिस्ट में शामिल कुख्यात सुखदूल सिंह उर्फ सुक्खा दुनेके की भी हत्या कर दी गई है। इससे कनाडा में खलबली मच गई है। सुक्खा की हत्या गैंगवार में किए जाने की खबर सामने आ रही है। सुखा 17 वर्ष की आयु में ही जरायम की दुनिया में एंट्री कर चुका था। जबकि उसके पिता उसे डॉक्टर बनाने के लिए अमेरिका ले जाना चाहते थे। मगर आरंभ से ही सुक्खा का मन पढ़ाई-लिखाई में नहीं लगता था। नाबालिग रहते 17 वर्ष की आयु में जब उसने पहला अपराध किया। तभी से उसके पिता को समझ आ गया कि अब सुक्खा उनके हाथ से निकल चुका है।

कनाडा के विनिपिंग में उस पर 15 राउंड गोलियां दागी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे पहले जून में खालिस्तानी आतंकी निज्जर की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कनाडा ने निज्जर की हत्या के लिए भारत पर आरोप लगाया है। तब से दोनों देशों के रिश्ते काफी बिगड़ गए हैं। इसी बीच सुक्खा की हत्या से कनाडा में सनसनी फैल गई है। सुक्खा के आगाज और अंत की कहानी पूरी तरह फिल्मी है। वह पंजाब में मोगा के दुनेके कलां गांव का रहने वाला था। अपने गांव के नाम पर ही उसने अपना नाम सुक्खा दुनेके रख लिया था।

2017 में पंजाब से फर्जी दस्तावेजों पर भाग गया कनाडा

सुक्खा भारत की नेशनल इन्वेस्टिगेटिव एजेंसी (एनआइए) की 41 आतंकियों और गैंगस्टरों की लिस्ट में शामिल था। वह 2017 में फर्जी पासपोर्ट और दस्तावेजों के सहारे कनाडा भाग गया। तब से वहीं रहने लगा। वहीं से बैठकर वसूली, रंगदारी और हत्या की वारदातों को अंजाम दिया करता था। वह खालिस्तानी गैंग का भी सक्रिय मेंबर और खालिस्तानी आतंकी गैंगस्टर अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला का दाहिना हाथ था। कहा जाता है कि सुक्खा अपराध की दुनिया में कदम रखने से पहले मोगा के डीसी कार्यालय में भी काम कर चुका था। 2017 में पुलिस की मदद से जाली दस्तावेज बनवाकर कनाडा निकल गया था। तब उस पर 7 संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे।

पंजाब का शॉर्प शूटर था दुनेके

सुक्खा दुनेके पंजाब का सबसे खतरनाक और शॉर्प शूटर बन चुका था। हत्या व अन्य मामले में वह काफी वक्त तक पंजाब के फरीदकोट जेल में भी रहा। कई वारदातों में सुक्खा पर हथियार और शूटर उपलब्ध कराने का मामला भी दर्ज किया गया था। उसके तार कई गैंगों से जुड़े थे। इनमें से एक बंबीहा गैंग भी था। कनाडा पहुंचकर भारत में पंजाब से लेकर हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में हथियारों और ड्रग की स्मगलिंग भी करवाने लगा। साथ ही जबरन वसूली और रंगदारी भी वसूल करवाता था। सुक्खा पर हत्या के कई मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Comment

Advertisement
What does "money" mean to you?
  • Add your answer