



प्रियंका कुमारी (संवाददाता)
राज्य ब्यूरो, प्रयागराज : सेफ सिटी परियोजना में जनसहयोग के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान के बाद यूपी बोर्ड ने इस दिशा में बड़ी पहल की है।
बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने इस परियोजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को अपनी सुरक्षा तथा महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों एवं दिव्यांगों की सुरक्षा के प्रति सतर्क एवं जागरूक करने के लिए इसे शैक्षिक सत्र 2023-24 से हाईस्कूल (कक्षा-9 व 10) के सामाजिक विज्ञान विषय में 30 अंकों के प्रोजेक्ट कार्य में तय प्रोजेक्ट के अतिरिक्त शामिल किया है। इसके लिए सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा से संबंधित कराया जाएगा प्रोजेक्ट कार्य
बोर्ड सचिव ने कहा है कि इसमें विद्यार्थी महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों एवं दिव्यांगों की सुरक्षा से संबंधित प्रोजेक्ट कार्य करेंगे। इसका उद्देश्य वर्तमान समस्या जैसे-यातायात सुरक्षा, महिलाओं की सुरक्षा, दिव्यांगजन की सुरक्षा से संबंधित कुछ घटनाओं को एकत्रित कर उसे लिखना तथा समस्या से बचाव के लिए सुझाव लिखना और सरकारी हेल्प लाइनों की जानकारी प्राप्त करना है।
इसके साथ ही स्वाधीनता संग्राम में महिलाओं के योगदान की सूची बनाने का कार्य करेंगे। भूगोल में स्थानीय पर्यावरणीय समस्याओं की सूची बनाने तथा निदान के उपाय ढूंढ़ने की कोशिश में इसके प्रति जागरूक होंगे।
स्थानीय स्तर पर हाईस्कूल के छात्र-छात्राएं दिव्यांगों एवं वृद्धों की सूची बनाने के साथ उनकी व्यक्तिगत समस्याओं को समझने और उसे लिपिबद्ध करने का कार्य करेंगे। उनके प्रोजेक्ट कार्य में नगरों में वर्तमान पर्यावरणीय समस्यों की सूची बनाना तथा उससे बचने के कुछ उपाय लिखना भी होगा।
बचाव के उपाय लिखने होंगे प्रोजेक्ट कार्य में
नगरों में बुजुर्ग दंपतियों के साथ होने वाली कुछ घटनाओं का उल्लेख एवं बचाव के उपाय लिखने का कार्य भी प्रोजेक्ट का हिस्सा होगा। सचिव ने प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित दिए हैं कि वह अपने विद्यालय में अध्ययनरत सभी छात्र/छात्राओं से इस प्रोजेक्ट कार्य को कराने की कार्यवाही सुनिश्चित कराएं।