



प्रियंका कुमारी(संवाददाता)
दिल्ली में आने वाले दिनों में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश देखने को मिल रही है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इस खबर में जानिए आपके राज्य में कैसा रहेगा आज का मौसम।
नई दिल्ली, एजेंसी। नई दिल्ली में 9 और 10 को G20 शिखर सम्मेलन का आयोजन होना है। वहीं, दिल्ली का मौसम भी मिलाजुला रहने की संभावना जताई गई है। दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्ली बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।
दिल्ली में छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली (Delhi Weather Today) में इस समय चल रहा उच्च तापमान लंबे समय से वर्षा की अनुपस्थिति और शुष्क हवाओं के प्रसार के कारण है। दूसरी तरफ बुधवार को भी गर्मी का सितम जारी रहा।
दिन भर तेज धूप के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 25.9 डिग्री दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 85 से 45 प्रतिशत रहा।
वहीं, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
कैसा रहेगा उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh Weather) के कई जिलों में बारिश देखने को मिल रही है। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
वहीं, दूसरी ओर मौसम विभाग लखनऊ केंद्र के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 7 सितंबर को पश्चिमी यूपी में एक या दो स्थानों पर और पूर्वी यूपी में कई जगहों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। वहीं, 7 से 9 सितंबर तक कई इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है।
बिहार के मौसम का हाल
बिहार (Bihar Weather) की राजधानी पटना समेत प्रदेश में मॉनसून का प्रभाव चार दिनों तक बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
गुरुवार को पटना समेत राज्य के दक्षिणी भागों के 18 जिलों में वज्रपात व मेघ गर्जन के साथ हल्की वर्षा के आसार हैं। जबकि उत्तरी भागों के अनेक स्थानों पर मौसम सुहाना बना रहेगा। 8 सितंबर को कैमूर और रोहतास जिले में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटों के दौरान पटना समेत शेष भागों में मॉनसून अनुकूल होने के कारण कुछ जगहों पर बूंदाबांदी तो कहीं हल्की वर्षा का प्रभाव रहा।
कैसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड में मानसून (Rain in Uttarakhand) कमजोर पड़ने से वर्षा का क्रम थमा हुआ है। ऐसे में चटख धूप खिलने से पारा लगातार चढ़ने लगा है। ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी बेहाल कर रही है और भादों में जेठ जैसा मौसम हो गया है। इस गर्मी के बीच हल्की बौछारें पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।
प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, कुमाऊं के ज्यादातर क्षेत्र और गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्र में हल्की से मध्यम बौछारें दर्ज की जा रही हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। अन्य जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने से लेकर आसमान साफ रह सकता है। आगामी 9 से 12 सितंबर के बीच प्रदेश में कहीं-कहीं भारी वर्षा के आसार हैं।
मध्य प्रदेश के मौसम का हाल
मध्य प्रदेश (MP Weather Update) में बुधवार को गर्मी के बाद दोपहर से बादल छाए रहे और शाम चार बजे के बाद गरज-चमक के साथ झमाझम वर्षा हुई। करीब 18 दिन बाद मेघ मेहरबान हुए। पूर्वी हिस्से के मुकाबले पश्चिमी हिस्से में ज्यादा वर्षा हुई। एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर शाम 5.30 बजे तक 15.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
रीगल स्थित मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वेदर स्टेशन पर शाम 4.30 बजे तक 5.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। सितंबर में इस सीजन में पहली बार अच्छी वर्षा हुई। इससे पारे में भी गिरावट देखने को मिली।
अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री दर्ज किया गया। वर्षा के दौरान दृश्यता गिरकर 1500 मीटर तक पहुंची और शाम तक शहर में धुंध का असर बना रहा। दिन में अधिकतम हवा 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली।
हरियाणा के मौसम का हाल
हरियाणा (Haryana Weather) में फिलहाल किसी बड़े मौसमी परिवर्तन के आसार नहीं हैं। लगभग एक सप्ताह तक इसी स्थिति के बीच अधिकतम तापमान में वृद्धि का दौर जारी रहेगा। दूसरे पखवाड़े की शुरुआत में राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है। उत्तर हरियाणा के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।