



नई दिल्ली- (प्रियंका कुमारी) दिल्ली मेट्रो में महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में कई बार पुरुष
यात्री सफर करने से बाज नहीं आते। कुछ पुरुष यात्री तो अनजाने में महिला कोच में प्रवेश कर जाते हैं और इसका एहसास होने पर दूसरे कोच में चले जाते हैं, लेकिन रात के वक्त कुछ पुरुष यात्री जानबूझकर महिला कोच में सफर करते हैं। इसके खिलाफ दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत पहले दिन शुक्रवार को शाम छह बजे से रात दस बजे के बीच डीएमआरसी ने महिला कोच में सफर करने वाले 57 पुरुष यात्रियों पर जुर्माना ठोका है।डीएमआरसी ने उन सभी यात्रियों पर 200-200 रुपये जुर्माना लगाया है। डीएमआरसी का कहना है कि महिला कोच में सफर करना गैर कानूनी है। मेट्रो में महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर शाम व रात के वक्त महिला कोच में सफर करने वाले पुरुष यात्रियों को पकड़ने और उनके खिलाफ जुर्माना करने का विशेष अभियान चलाया गया है। डीएमआरसी, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और दिल्ली मेट्रो रेल पुलिस (डीएमआरपी) की टीम मिलकर यह कार्रवाई कर रही है। वैसे तो यह विशेष अभियान दस सितंबर तक चलाया जाना है लेकिन इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। इसलिए डीएमआरसी ने उठाया कदम : पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर मेट्रो का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें महिला कोच में सफर कर रहा एक युवक युवतियों से बहस करता नजर आ रहा है। युवतियां कह रही है कि वह महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में सफर कर रहा है। फिर भी वह अपनी गलती नहीं मान रहा है और महिला कोच से वापस भी नहीं जा रहा है। एक यूजर ने ट्वीट कर उस युवक के नशे में होने की बात कही है।