नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Kajari Teej 2023: हिंदू धर्म में कजरी तीज का विशेष महत्व है। यह त्योहार भाद्रपद महीने के कृष्ण पक्ष के तीसरे दिन मनाया जाता है। इस साल यह त्योहार 2 सितंबर को मनाया जाएगा। शादीशुदा महिलाएं इस दिन उपवास रखती हैं। माना जाता है कि कजरी तीज के दिन व्रत रखने से विवाहित महिलाओं को सौभाग्य की प्राप्ति होती है। इसके अलावा पति की आयु लंबी होती है।

इस दिन सत्तू से मिठाई बनाने की परंपरा है। आप कजरी तीज पर सत्तू का इस्तेमाल कर कई तरह की मिठाइयां बना सकती हैं।

सत्तू का लड्डू

सामग्री

1 कप भूना हुआ चना दाल का सत्तू, आधा कप पिसी चीनी, 1 बड़ा चम्मच घी, 1 टी स्पून इलायची पाउडर, 1 चम्मच कटे हुए ड्राई फ्रूट्स

लड्डू बनाने की विधि

  • सत्तू बनाने के लिए सबसे पहले चना दाल को धीमी आंच पर भून लें।
  • जब यह हल्के सुनहरे भूरे रंग का हो जाए, तो गैस बंद कर दें।
  • इसके बाद मिक्सी में पीस कर बारीक पाउडर बना लें, आपका सत्तू तैयार है।
  • अब सत्तू पाउडर और पिसी चीनी को एक बर्तन में अच्छे से मिक्स करें।
  • एक पैन में घी गरम करें, इसमें सत्तू और चीनी के मिश्रण को भून लें।
  • अब इसमें कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डाल दें और फिर से मिलाएं।
  • फिर इससे लड्डू तैयार कर लें।

सत्तू की बर्फी

सामग्री

2 कप सत्तू, 1 कप पीसी चीनी, खजूर का पेस्ट, 1 चम्मच ड्राई फ्रूट्स, 1 चम्मच इलायची पाउडर, 1 कप दूध

बनाने की विधि

  • सत्तू को घी के साथ कड़ाही में डालकर भून लें।
  • अब खजूर को मिक्सी में पीस कर रख लें।
  • सत्तू में खजूर के पेस्ट के साथ मिक्स कर लें।
  • अब इसमें दूध, इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स मिलाएं।
  • अब एक थाली में घी लगा लें और इसमें सत्तू का मिश्रण डालें।
  • फिर इस मिश्रण से बर्फी के डिजाइन में काट लें।

सत्तू का मीठा शरबत

सामग्री

2-3 कप चना का सत्तू, एक कप पीसी चीनी, आवश्यकतानुसार पानी

बनाने की विधि

  • एक बर्तन में आवश्यकतानुसार पानी लें, इसमें सत्तू डालें।
  • अब इसमें चीनी मिलाएं।
  • इस मिश्रण को अच्छी तरह मिक्स करें।
  • चाहें तो आप इसमें बर्फ के टुकड़े भी डाल सकते हैं।
  • यह एनर्जी ड्रिंक आपके सेहत के लिए काफी फायदेमंद है।