



प्रियंका कुमारी(संवाददाता)
सनातन धर्म में कजरी तीज पर्व का विशेष महत्व है। इस व्रत को विवाहित महिलाएं करती हैं। धार्मिक मान्यता है कि कजरी तीज करने से विवाहित महिलाओं को सुख, सौभाग्य और संतान की प्राप्ति होती है। साथ ही पति की आयु लंबी होती है। इस वर्ष शनिवार 2 सितंबर को कजरी तीज है। यह पर्व हर वर्ष भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की तृतीया को मनाया जाता है। इस दिन विशेष उपाय भी किए जाते हैं। अगर आप भी अपने रूठे पति को मनाना चाहती हैं, तो कजरी तीज पर ये उपाय अवश्य करें। आइए, उपाय जानते हैं-
कजरी तीज के उपाय
– रूठे पति को मनाने के लिए कजरी तीज के दिन स्नान-ध्यान कर देवों के देव महादेव और माता पार्वती की पूजा-उपासना करें। इसके पश्चात, आटे से एक दीपक बनाएं। इस दीपक में एक इलायची डालकर जलाएं। आप दीपक शुद्ध घी और बाती से जलाएं। अब भगवान शिव और माता पार्वती को दीपक दिखाएं। इस समय ‘ऊँ उमामहेश्वराभ्यां नमः’ मंत्र का कम से कम 21 बार जाप करें। इस उपाय को करने से पति-पत्नी के रिश्ते मधुर होते हैं।
– अगर आपका वैवाहिक जीवन सुखमय नहीं है, तो कजरी तीज के दिन सिंदूर का दान करें। आप किसी विवाहित महिला को सिंदूर उपहार में दें। हालांकि, एक चीज का अवश्य ध्यान रखें कि बाजार से खरीदकर सिंदूर का दान करें। स्वयं का सिंदूर भूलकर भी किसी को न दें।
– अगर आप वैवाहिक पति-पत्नी) रिश्ते को मधुर करना चाहते हैं, तो कजरी तीज पर माता पार्वती को सोलह श्रृंगार की वस्तुएं अर्पित करें। इसके पश्चात, आप विवाहित महिला को सोलह श्रृंगार की वस्तुएं दान कर सकती हैं। इस उपाय को करने से भी पति-पत्नी के रिश्ते मधुर और मजबूत होते हैं।
– कजरी तीज शनिवार के दिन है। अतः कजरी तीज पर शनि देव को काला वस्त्र अर्पित करें। आप गरीबों एवं जरूरतमंदों को भी काले कपड़े दान में दे सकती हैं। इस उपाय को करने से भी पति-पत्नी के रिश्ते मधुर होते हैं।