



Raksha Bandhan 2023 हिन्दू धर्म में रक्षाबंधन का पर्व विशेष महत्व रखता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार रक्षाबंधन के दिन शुभ मुहूर्त में बहने अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई उनकी रक्षा का वचन देते हैं। इस वर्ष रक्षाबंधन पर्व की तिथि को लेकर लोगों में उलझन बनी हुई है। आइए जानते हैं कि 30 या 31 अगस्त कब मनाया जाएगा रक्षाबंधन का पवित्र त्योहार?
प्रियंका कुमारी(संवाददाता)
- श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि के दिन रक्षाबंधन पर्व मनाया जाता है।
- इस वर्ष रक्षाबंधन के दिन पंचक और भद्रा काल का निर्माण हो रहा है।
- ऐसे में रक्षाबंधन पर्व 30 या 31 अगस्त, किस दिन मनाया जाएगा?
नई दिल्ली, अध्यात्म डेस्क । Raksha Bandhan 2023: सनातन धर्म में हर वर्ष श्रावण पूर्णिमा तिथि पर रक्षाबंधन का पवित्र त्योहार मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती हैं और उनके उज्जवल भविष्य की प्रार्थना करती हैं। यह पर्व भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक माना जाता है। पंचांग के अनुसार, इस वर्ष रक्षाबंधन के दिन पंचक और भद्रा काल का निर्माण हो रहा है। ऐसे में लोगों के मन में यह प्रश्न उठ रहा है कि रक्षाबंधन पर्व 30 अगस्त या 31 अगस्त के दिन मनाया जाएगा ? आइए जानते हैं रक्षाबंधन पर्व की सही तिथि और शुभ मुहूर्त।
रक्षाबंधन 2023 तिथि
पंचांग के अनुसार, श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 30 अगस्त को सुबह 10 बजकर 58 मिनट से प्रारंभ होगी और इसका समापन 31 अगस्त सुबह 07 बजकर 05 मिनट पर होगा। इस दिन भद्रा काल का निर्माण हो रहा है जो भद्रा रात्रि 09 बजकर 01 मिनट तक रहेगा। ऐसे में राखी बांधने के लिए शुभ मुहूर्त रात्रि 09 बजकर 01 मिनट से प्रारंभ होगा।
30 या 31 अगस्त, कब मनाया जाएगा रक्षा बंधन पर्व?
शास्त्रों में बताया गया है कि रक्षाबंधन का पर्व भद्रा काल के समय नहीं मनाना चाहिए। ऐसा करना अशुभ माना जाता है। इसलिए इस वर्ष रक्षाबंधन पर्व दो दिन मन्य होगा। राखी बांधने के लिए शुभ मुहूर्त 30 अगस्त रात्रि 09 बजकर 01 मिनट से प्रारंभ होगा। साथ ही जो लोग 30 तारीख को राखी नहीं बंधवा पाएंगे, वह अगले दिन सुबह 07 बजकर 01 मिनट से पहले रक्षाबंधन त्योहार मना सकते हैं।
रक्षाबंधन 2023 शुभ मुहूर्त
रक्षाबंधन का शुभ मुहूर्त 30 अगस्त 2023 रात 09 बजकर 01 मिनट से 31 अगस्त सुबह 07 बजकर 05 मिनट तक रहेगा।