



विनीत माहेश्वरी (संवाददाता)
नई दिल्ली, पीटीआई। जालंधर के कांग्रेस सांसद का शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने के कारण निधन हो गया। कांग्रेस नेताओं ने शनिवार को सांसद संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। पार्टी के नेताओं ने कहा है कि इस यात्रा कार्यक्रम में आज कुछ बदलाव किए जाएंगे।
सभी नेताओं ने किया शोक व्यक्त
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संतोख सिंह चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी का निधन संगठन के लिए एक बड़ा झटका है। उन्होंने अपने ट्विटर पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा, “सांसद संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन से काफी हैरान और दुखी हूं। उनका चले जाना पार्टी के लिए एक बड़ा झटका है। उनके परिवार और परिजनों को मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान उनकी आतमा को शांति दें।”
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट में कहा, “76 साल के जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज सुबह भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अचानक कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। हम उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। कार्यक्रम में कुछ बदलाव होंगे, यात्रा के बारे में जानकारी शीघ्र ही साझा की जाएगी।”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी कांग्रेस सांसद के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, “जालंधर से कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”