



विनीत माहेश्वरी (संवाददाता)
नई दिल्ली, जेएनएन। Rohit Shetty Injury Updates: इंडियन पुलिस फोर्स की शूटिंग के दौरान शनिवार को रोहित शेट्टी घायल हो गए थे। उनकी उंगलियों में चोट लग गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह एक एक्शन सीन शूट कर रहे थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके बारे में कई लोग कई प्रकार के प्रश्न पूछ रहे थे। अब सिद्धार्थ मल्होत्रा ने एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्हें रोहित शेट्टी के साथ देखा जा सकता है। हालांकि रोहित शेट्टी के हाथ में पट्टी बंधी हुई है लेकिन उनके चेहरे पर मुस्कान है और वह ठीक नजर आ रहे हैं।
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने वीडियो में बताया है कि रोहित शेट्टी वापस आ गए हैं
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने इस पूरे वीडियो में बताया है कि रोहित शेट्टी वापस आ गए हैं। उनके हाथ में चोट लग गई है लेकिन वह 12 घंटे के अंदर ही सेट पर वापस आ गए। इससे पता चलता है कि उन्हें ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आई है। वहीं उनके साथ पूरा क्रू भी नजर आ रहा है जो कि रोहित शेट्टी के वापस आने पर काफी खुश नजर आ रहा है। वीडियो में सिद्धार्थ मल्होत्रा रोहित शेट्टी को ओजी एक्शन मास्टर कहते भी नजर आ रहे हैं। वह कह रहे हैं, ‘दोस्तों हमारे साथ ओ जी एक्शन मास्टर हैं, जिनका कल दुर्भाग्य से एक्सीडेंट हो गया था।’ वह इसके बाद रोहित शेट्टी से पूछते हैं, ‘आप कैसे हैं?’ इस पर रोहित कहते हैं, ‘मैं आप सभी को थैंक यू कहना चाहता हूं, जो लोग मुझे लेकर चिंता जता रहे थे और मेरे लिए प्रार्थना कर रहे थे, बहुत ज्यादा फोन आ रहे थे। कुछ ज्यादा नहीं हुआ है। दो उंगली में खाली स्टिचेस लगी है और कुछ नहीं।’ सिद्धार्थ मल्होत्रा आगे कहते हैं, ‘रोहित शेट्टी सेट पर भी वापस आ गए हैं, वह भी 12 घंटे से कम समय में। पूरा क्रू यहां पर है।’