



विनीत माहेश्वरी (संवाददाता )
ठाणे, 23 दिसंबर महाराष्ट्र के ठाणे शहर में विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ
शिंदे के खिलाफ कथित तौर पर नारे लगाने के आरोप में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता
आनंद परांजपे और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने
शुक्रवार को दी।
एक अधिकारी ने बताया कि राकांपा की ठाणे शहर इकाई के प्रमुख परांजपे और पार्टी के 20 से
अधिक कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार शाम शहर में पार्टी कार्यालय के बाहर मुख्यमंत्री के खिलाफ विरोध
प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विरोध का एक वीडियो देखने के बाद शिवसेना के शिंदे गुट के
एक पदाधिकारी ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत की।
अधिकारी ने कहा कि धारा 153 (दंगा भड़काने के इरादे से जानबूझकर उकसाना), 504 (शांति भंग
करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और भारतीय दंड संहिता और महाराष्ट्र पुलिस
अधिनियम के अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत चितलसर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया,
जबकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।
इसके अलावा, शहर के दो थानों में अलग-अलग शिकायतों के आधार पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ
दो और मामले दर्ज किए गए।
पुलिस ने कहा कि शिंदे गुट से जुड़े शिवसेना के एक पदाधिकारी ने कल्याण में राकांपा नेता और
कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
इस बीच, राकांपा नेता और पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने एक ट्वीट कर राज्य सरकार पर सरगना की
तरह व्यवहार करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्षी विरोध कर सकते हैं तथा लोकतंत्र में यह
अपेक्षित है।