आंध्र प्रदेश सरकार ने राष्ट्रपति मुर्मू का नागरिक अभिनंदन किया

Advertisement

आंध्र प्रदेश सरकार ने राष्ट्रपति मुर्मू का नागरिक अभिनंदन किया -  हिन्दुस्थान समाचार

विनीत माहेश्वरी (संवाददाता )

विजयवाड़ा/नई दिल्ली, 04 दिसंबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आंध्र प्रदेश सरकार ने
रविवार को राज्य की उनकी पहली यात्रा पर विजयवाड़ा में एक नागरिक अभिनंदन समारोह में
सम्मानित किया। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन और मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने
राष्ट्रपति का स्वागत किया और उन्हें श्री वेंकटेश्वर स्वामी के चित्र भेंट किए।
केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी, उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश प्रशांत कुमार
मिश्रा और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम में शामिल हुए। राष्ट्रपति आंध्र प्रदेश की दो दिवसीय
यात्रा पर रविवार सुबह विजयवाड़ा पहुंची थीं। राष्ट्रपति के रूप में आंध्र प्रदेश की अपनी पहली यात्रा
के दौरान उन्होंने राज्य सरकार और लोगों को उनके आतिथ्य सत्कार के लिए धन्यवाद दिया।
राष्ट्रपति ने कहा कि आंध्र की भूमि को गोदावरी, कृष्णा, पेन्नार, वंशधारा और नागावली जैसी नदियों
का आशीर्वाद प्राप्त है। इन नदियों ने आंध्र प्रदेश की समृद्ध परंपराओं को भी जीवंतता प्रदान की है।
उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे हमारी नदी-माताओं की स्वच्छता और संरक्षण के लिए
हमेशा सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि महान बौद्ध दार्शनिक नागार्जुन के नाम पर 'नागार्जुन सागर
परियोजना' का विकास प्रगति को विरासत से जोड़ने का एक अच्छा उदाहरण है।
राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता के मामले में आंध्र प्रदेश अनुकरणीय राज्यों में
से एक है। उन्होंने कवयित्री मोल्ला को याद किया जिन्होंने एक अद्भुत महाकाव्य 'मोल्ला-रामायण'
की रचना की थी। उन्होंने दुर्गाबाई देशमुख को याद किया, जिन्होंने महिलाओं की प्रगति और
स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भागीदारी के लिए कई प्रयास किए। उन्होंने आंध्र प्रदेश की बहू सरोजिनी

Advertisement

नायडू को भी याद किया। उन्होंने कहा कि सरोजिनी नायडू ने महात्मा गांधी के 'नमक सत्याग्रह' में
अग्रणी भूमिका निभाई है और वह स्वतंत्र भारत में किसी भी राज्य की पहली महिला राज्यपाल थीं।
राष्ट्रपति ने कहा कि जब उन्हें झारखंड के राज्यपाल का दायित्व सौंपा गया था, तब उन्होंने हमेशा
यह ध्यान रखा था कि सरोजिनी नायडू जैसी महान महिलाओं द्वारा प्रस्तुत आदर्शों के अनुसार,
साहसपूर्वक कार्य करना तथा लोगों की सेवा में लगे रहना ही देश की सेवा करने का सही तरीका है।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के लोग हमारे देश के स्वतंत्रता संग्राम में आंध्र प्रदेश के लोगों की सक्रिय
भागीदारी को याद करते हैं। इस साल हम अल्लुरी सीताराम राजू की 125वीं जयंती मना रहे हैं।
हमारी युवा पीढ़ी को अल्लुरी सीताराम राजू और भगवान बिरसा मुंडा जैसे व्यक्तित्वों द्वारा किए गए
योगदान के बारे में अच्छी तरह से पता होना चाहिए जिन्होंने कम उम्र में ही भारत माता के लिए
अपना जीवन न्यौछावर कर दिया। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि 'अल्लूरी सीताराम राजू मेमोरियल
ट्राइबल फ्रीडम फाइटर्स म्यूजियम' का निर्माण किया जा रहा है।
राष्ट्रपति ने कहा कि आंध्र प्रदेश ने भारत में आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विकास में अग्रणी
भूमिका निभाई है। उन्होंने फार्मेसी और बायो-केमिस्ट्री के क्षेत्र में डॉ. येल्लाप्रगदा सुब्बाराव के
योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सुब्बाराव के शोध से कई दवाओं का निर्माण संभव हुआ
है। राष्ट्रपति ने कहा कि आधुनिक टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आंध्र प्रदेश में स्थित इसरो के श्रीहरिकोटा
रेंज से अंतरिक्ष-विज्ञान के नए प्रतिमान निरंतर स्थापित किए जा रहे हैं। विज्ञान और तकनीकी,
विशेषकर सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आंध्र प्रदेश के लोगों ने पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ाया
है। राष्ट्रपति ने कामना की कि आंध्र प्रदेश के प्रतिभाशाली और समर्पित लोगों के सहयोग से इस
राज्य की विकास यात्रा आगे बढ़ती रहे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आंध्र प्रदेश के लोग भारत
के विकास में असाधारण योगदान देना जारी रखेंगे।

Leave a Comment

Advertisement
What does "money" mean to you?
  • Add your answer