



विनीत माहेश्वरी (संवाददाता )
नई दिल्ली, 04 दिसंबर कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने रविवार को कहा कि पार्टी
के हर पदाधिकारी और नेता को जिम्मेदारी के साथ जनसेवा की अपनी भूमिका निभाकर मोदी
सरकार से त्रस्त हर व्यक्ति के साथ खड़ा होना पड़ेगा और सेवाभाव के इसी समर्पण के बल पर पार्टी
को सत्ता में लाया जा सकेगा।
श्री खड़गे ने आज यहां कांग्रेस संचालन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ साथी
यदि मानते हैं कि जिम्मेदारियों को नजरअंदाज किया जा सकता है तो यह उनकी भूल होगी और
इससे मंजूर नहीं किया जा सकता है। पदाधिकारी अगर जिम्मेदारी निभाने में सक्षम नहीं है तो उनकी
जगह पार्टी के नए नेताओं को मौका देना पड़ेगा। इस कठिन इरादे के साथ चलकर ही कांग्रेस को
सत्ता में लाया जा सकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के बाद पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कार्यसमिति के स्थान पार्टी के
काम को आगे बढ़ाने के लिए संचालन समिति का गठन किया गया था और अब कांग्रेस के
अधिवेशन में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। पार्टी के अध्यक्ष के चुनाव के बाद समिति
की यह पहली बैठक हुई जिसमें पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और संचालन समिति के सदस्यों
ने हिस्सा लिया। बैठक में कांग्रेस अधिवेशन की तिथि को लेकर भी विचार विमर्श किया जाना है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश के समक्ष कई चुनौतियां पैदा कर दी है और इन चुनौतियों के
कारण आम आदमी के समक्ष कई तरह के संकट पैदा हो गए हैं। पार्टी के पदाधिकारियों को लोगों की
इन समस्याओं को जिम्मेदारी के साथ सुनना, समझना और उनके निराकरण के लिए प्रयास करना
है। कांग्रेस नेता ने कहा,“ सत्ताधारी ताकतें वर्तमान माहौल में नफरत के बीज बोकर बंटवारे की खेती
काटने में लगी हैं और उसके खिलाफ कांग्रेस के हर नेता और पदाधिकारी को मिलकर लड़ना है। यह
हम सब का कर्तव्य है और राष्ट्रधर्म भी यही है।”
श्री खड़गे ने पदाधिकारियों का जिम्मेदारी के साथ काम करने का आह्वान करते हुए कहा, "मेरा
मानना है कि पार्टी और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारी का सबसे बड़ा हिस्सा है। अगर कांग्रेस संगठन
मजबूत होगा, जवाबदेह होगा, लोगों की उम्मीद पर खरा उतरेगा, तो ही हम चुनावी जीत हासिल
करके देश के लोगों की सेवा कर पाएंगे। मैं पार्टी महासचिवों तथा प्रभारीगणों से चाहूंगा कि वे सबसे
पहले खुद की जिम्मेदारी तथा संगठन की जिम्मेदारी सुनिश्चित करें।"
उन्होंने कहा कि हर पदाधिकारी की जिम्मेदारी है कि वह जनता की समस्याओं के समाधान के लिए
जरूरी कदम उठाए। उन्होंने कहा, "प्रदेश में, जिसके आप प्रभारी हैं, अगले 30 से 90 दिन के बीच
बताए कि उनकी संगठन और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन के लिए क्या रूपरेखा है। जिन प्रांतों में
आज से वर्ष 2024 के बीच विधानसभा चुनाव होने हैं, वहाँ चुनाव तक क्या प्लानिंगऔर एक्टिविटी
शेड्यूल है। जब तक आप स्वयं, आपके सचिवगण, प्रदेश अध्यक्षगण, पार्टी विधायक, सांसदगण इन
सब महत्वपूर्ण चीज़ों का खाका तैयार कर जमीनी स्तर पर लागू नहीं करेंगे, हमारी जिम्मेदारी पूर्ण
नहीं हो सकती।"
श्री खड़गे ने 'भारत जोड़ो यात्रा' की प्रशंसा करते हुए कहा, "देश में एक नया इतिहास लिखने वाले श्री
राहुल गांधी जी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा आज 88 दिन पूरे करके रात के समय
राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेगी। भारत जोड़ो यात्रा अब एक राष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले चुकी है।
एक ऐसा आंदोलन, जो देश में कमरतोड़ महंगाई, भयंकर बेरोजगारी, नाकाबिले बर्दाश्त आर्थिक,
सामाजिक असमानता, तथा नफरत की राजनीति के खिलाफ निर्णायक जंग का आह्वान है। देश के
करोड़ों लोग राहुल गांधी जी और कांग्रेस के संकल्प से जुड़े हैं। भारत जोड़ो यात्रा का एक राष्ट्रीय जन
आंदोलन का रूप ले लेना ही इस यात्रा की सबसे बड़ी कामयाबी है।"
उन्होंने कहा, "मैंने यह सब इसलिए कहा क्योंकि मोदी सरकार ने देश के लोगों पर, उनके अधिकारों
पर, उनकी उम्मीदवारों पर हमला बोल रखा है, और उनकी रक्षा की जिम्मेदारी कांग्रेस की है।"