



विनीत माहेश्वरी (संवाददाता )
अहमदाबाद, 30 सितंबर गुजरात की महिला टेनिस टीम ने गुरुवार को 36वें राष्ट्रीय
खेलों में खिताब के बचाव की शुरुआत तेलंगाना पर शानदार जीत के साथ की, जबकि पश्चिम बंगाल
की महिला लॉन बाउल्स टीम ने असम पर 12-11 से रोमांचक जीत के साथ अपनी लय बरकरार
रखी। साबरमती रिवरफ्रंट खेल परिसर में तेलंगाना के खिलाफ 2-0 की जीत दर्ज करने के दौरान
गुजरात महिला टेनिस टीम ने सिर्फ चार गेम गंवाए। फाइनल में जगह बनाने के लिए अब उनका
सामना कर्नाटक से होगा।
दूसरे सेमीफाइनल में महाराष्ट्र का मुकाबला तमिलनाडु से होगा। महाराष्ट्र ने दिल्ली को 2-0 से
हराया जबकि तमिलनाडु ने हरियाणा को शिकस्त दी। ‘केंसविले गोल्फ एंड कंट्री क्लब‘ लॉन बाउल्स
में पश्चिम बंगाल की टीम ने ग्रुप चरण में असम पर 12-11 की रोमांचक जीत दर्ज की। अन्य
मैचों में, मेजबान गुजरात ने मणिपुर पर 12-10 जबकि झारखंड ने ओडिशा के खिलाफ 33-3 से
जीत दर्ज की। दिल्ली ने बिहार को 20-9 के अंतर से मात दी।
निशानेबाजी में 2012 ओलंपिक खेलों के रजत पदक विजेता विजय कुमार (हिमाचल प्रदेश) ने दबाव
कर परिस्थितियों से अच्छी तरह निपटा और वह 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल प्रतियोगिता में के
शुरुआती चरण के बाद अंकुर गोयल (उत्तराखंड) के पीछे दूसरे स्थान पर है। पुरुषों की इस स्पर्धा में
लय में चल रहे अनीश भानवाल (हरियाणा) तीसरे स्थान पर है।
श्री कार्तिक सबरी राज (तमिलनाडु) ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल क्वालिफिकेशन में 632.2
अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने ऐश्वर्या तोमर (मध्य प्रदेश) रुद्राक्ष बी पाटिल
(महाराष्ट्र), दिव्यांश सिंह पंवार (राजस्थान), हृदय हजारिका (असम) और अर्जुन बबुता (पंजाब) जैसे
खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा।
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल क्वालीफिकेशन में तिलोत्तमा सेन (कर्नाटक) 633.6 अंकों के
साथ शीर्ष पर रही। श्रीयंका सदांगी (ओडिशा), युक्ति राजेंद्र (कर्नाटक) 629.3 और नैन्सी (हरियाणा)
जैसे निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन (गुजरात) और मेहुली घोष (पश्चिम बंगाल) जैसे नामों को पीछे
छोड़ने में सफल रहे।