बाप ने की रीलबाज बेटे की हत्या, गड्ढे में दफनाया और फिर खुद भी कर ली आत्महत्या; मिला सुसाइड नोट

रीलबाज बेटे की हत्या के बाद किया सुसाइड।

लक्ष्मी कश्यप (संवाददाता)

जलगांव: जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रताड़ना से तंग आकर एक पूर्व सैनिक पिता ने अपने बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद पिता ने खुद भी आत्महत्या कर ली है। ये चौंकाने वाली घटना गुरुवार को जलगांव के एरंडोल में सामने आई। यहां पिता की जेब से मिले सुसाइड नोट में लिखा था कि उसने अपने बेटे की हत्या कर दी है और उसे दफना दिया है। लड़का सोशल मीडिया पर रील्स बनाता था।

पिता के साथ मारपीट करता था बेटा

मृतक पिता का नाम विट्ठल पाटिल (50), जबकि उसके बेटे का नाम हितेश पाटिल (22) था। पूर्व सैनिक विट्ठल पाटिल भवरखेड़ा (एरंडोल) का मूल निवासी है। वह अपने परिवार के साथ वृंदावन नगर, एरंडोल में रहता था। उसका बेटा हितेश पाटिल रील बनाने का काम करता था। हालांकि, वह अपने पिता से अलग रहता था। बताया जा रहा है कि वह अपने पिता को प्रताड़ित करता था और मारपीट भी करता था। इससे तंग आकर विट्ठल पाटिल ने अपने बेटे की हत्या कर दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली।

पिता के शव के पास मिला सुसाइड नोट

पुलिस के अनुसार विट्ठल पाटिल की जेब से एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में लिखा था कि वह बेटे हितेश से तंग आ गया था और उसने भवरखेड़ा गांव के पास एक नाले के पास उसकी हत्या कर दी और शव को जमीन में दफना दिया। गुरुवार को हितेश पाटिल का शव भवरखेड़ा स्थित नाले में मिला था। उसके शव को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। हितेश पाटिल के शव को जहां से बरामद किया गया वहीं से एक रस्सी भी मिली है। पुलिस को संदेह है कि हितेश पाटिल को इसी रस्सी से फांसी लगाई गई होगी। फिलहाल इस संबंध में एरंडोल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच की जा रही है।

 

Leave a Comment