प्रियंका कुमारी (संवाददाता)
आज यानी 19 फरवरी को मराठा सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती है। हर साल इसी दिन मराठा सम्राट की जयंती मनाई जाती है। आज के दिन मराठा सम्राट के शौर्य और प्रेरणादायक जीवन को याद किया जाता है। आज भी छत्रपति शिवाजी महाराज की वीर गाथाएं पूरे गर्व के साथ गाई जाती हैं।
छत्रपति शिवाजी ने ही मराठा साम्राज्य की स्थापना की थी। दुश्मनों के विरुद्ध वह जैसे लड़े थे उसके चलते वह भारतीय इतिहास के सबसे कुशल, वीर योद्धा कहलाए। आज छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती मनाई जा रही है। ऐसे में आपको कुछ ऐसे कलाकारों के बारे में बताते हैं, जिन्होंने बड़े पर्दे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाई है।
कई फिल्मों और टीवी शोज में अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों को इंप्रेस कर चुके शरद केलकर बड़े पर्दे पर मराठा सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभा चुके हैं।
शरद केलकर ने अजय देवगन और काजोल स्टारर ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘तान्हाजीः द अनसंग वॉरियर’ में राजे शिवाजी की भूमिका निभाई थी और इस किरदार में शरद केलकर को खूब पसंद किया गया था। आज भी तान्हाजी में निभाया राजे शिवाजी का किरदार शरद केलकर की बेस्ट परफॉर्मेंस में गिना जाता है।
बॉलीवुड और मराठी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता और फिल्ममेकर महेश मांजरेकर का नाम भी इस लिस्ट में शुमार है। दिग्गज अभिनेता ने साल 2009 में रिलीज हुई फिल्म ‘मी शिवाजीराजे भोसले बोलतोये’ में मराठा सम्राट की भूमिका निभाई थी, जिसे काफी पसंद किया गया था। इस मराठी फिल्म को दर्शकों से भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था।
मराठी एक्टर अमोल कोल्हे एक-दो नहीं कई बार छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभा चुके हैं। फिल्मों के अलावा उन्होंने टीवी शो ‘राजा शिवछत्रपति’ में भी मराठा सम्राट की भूमिका निभाई थी। ये शो कोरोनाकाल में टेलीकास्ट हुआ था।
बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार भी बड़े पर्दे पर इस आइकॉनिक किरदार में दिखाई दे चुके हैं। अक्षय कुमार ने महेश मांजरेकर की एक मराठी फिल्म में छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाई थी।
दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह का नाम भी इस लिस्ट में शुमार है। नसीरुद्दीन शाह ने श्याम बेनेगल के प्रसिद्ध शो ‘भारत एक खोज’ में मराठा सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाई थी।