लक्ष्मी कश्यप (संवाददाता)
Chandra Dosh Remedies: हिंदू धर्म में माघ पूर्णिमा का खास महत्व है। इस दिन गंगा और अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से व्यक्ति को सभी पापों से मुक्ति मिलती है। साथ ही पूर्णिमा के दिन दान करने से धन-धान्य में बरकत आती है। पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा का विधान है। इसके साथ ही पूर्णिमा के दिन चंद्रमा की भी आराधना की जाती है। जिनकी कुंडली में चंद्र दोष है या फिर चंद्रमा कमजोर है उन्हें पूर्णिमा के दिन इन उपायों को अवश्य करना चाहिए। ऐसा करने से जातक की कुंडली में चंद्रमा की स्थिति मजबूत होती है।
चंद्र दोष दूर करने के लिए माघ पूर्णिमा के दिन करें ये काम
चांदी का दान
अगर आपकी कुंडली में चंद्रमा कमजोर है तो माघ पूर्णिमा के दिन अपनी क्षमतानुसार चांदी का दान करें। चांदी का दान करने से जहां चंद्रमा की कृपा प्राप्त होती है वही मां लक्ष्मी भी मेहरबान होती हैं।
दूध का दान
चंद्रमा को सफेद चीजें प्रिय है, इसलिए पूर्णिमा के दिन सफेद चीजों का दान करना शुभ माना जाता है। चंद्र दोष से छुटकारा पाने के लिए माघ पूर्णिमा के दिन गरीब और जरूरतमंदों को दूधन का दान करें।
चावल का दान
माघ पूर्णिमा के दिन चावल का दान अत्यंत फलदायी माना जाता है। चावल का दान करने से कुंडली में चंद्रमा कि स्थिति मजबूत होती है।
चंद्रमा की पूजा
पूर्णिमा के दिन शाम के समय चंद्र दर्शन के समय एक पात्र में गंगाजल, सफेद चंदन, सफेद फूल मिलाकर चंद्रमा को अर्घ्य दें तो कुंडली में चंद्रमा की स्थिति मजबूत होती है और आपके कई बिगड़े काम भी बन जाते हैं।
मंत्र का करें जाप
पूर्णिमा के दिन चंद्रमा के दर्शन करते हुए ‘ऊँ सों सोमाय नम:’ मंत्र का 108 बार जप करना चाहिए। ऐसा करने से आपको मानसिक समस्याओं से निजात मिलती है और चंद्रमा की भी कृपा मिलती है।
चंद्र दोष होने पर क्या होता है?
अगर किसी की कुंडली में चंद्र दोष है तो उस व्यक्ति को मानसिक परेशानियों से जूझना पड़ता है। इसके साथ ही करियर और कारोबार में भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। चंद्र दोष होने की वजह से आपकी सेहत भी बार-बार खराब हो सकती है। वहीं चंद्र दोष की वजह से पारिवारिक जीवन में कल और आर्थिक हानि के दुर्योग भी बनते हैं।