पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में फिर हुआ आतंकी हमला, 4 जवानों समेत 5 लोगों की हुई मौत

खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमला (प्रतीकात्मक तस्वीर)

लक्ष्मी कश्यप (संवाददाता)

पेशावर: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बार फिर आतंकी हमला हुआ है। खैबर पख्तूनख्वा में आतंकवादियों ने अर्धसैनिक बल के वाहन को निशाना बनाकर पर हमला किया है। इस आतंकी हमले में चार जवानों समेत पांच लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी है। यह घटना दक्षिणी वजीरिस्तान की सीमा से लगे डेरा इस्माइल खान जिले में हुई है।

घात लगाकर किया गया हमला

पुलिस के अनुसार ‘करिजत लेवी’ नाम के अर्धसैनिक बल के जवान एक निजी चालक के साथ जिले की दरबान तहसील में चोरी हुए ट्रक को बरामद करने जा रहे थे, तभी उन पर घात लगाकर हमला किया गया। हमले में बल के चार जवान और एक नागरिक की मौत हो गई।

जारी है आतंकवाद विरोधी अभियान 

गौरतलब है कि, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकवादियों के सफाए के लिए व्यापक स्तर पर आतंकवाद विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बलूचिस्तान में अलग-अलग अभियानों में 23 आतंकवादियों को मार गिराया था।

‘आतंकवादियों को मार गिराया जाएगा’

इस बीच पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने कहा है कि देश को निशाना बनाने वाले एवं विदेशी आकाओं के इशारे पर आतंकवादी गतिविधियां करने वाले उन लोगों को मार गिराया जाएगा जो ‘मित्र के वेश में शत्रु’ हैं। मुनीर ने बलूचिस्तान के कलात जिले में उग्रवादियों के साथ संघर्ष के दौरान 18 सैनिकों के मारे जाने के बाद शनिवार को क्वेटा का दौरा किया था। इस संघर्ष में 23 आतंकी भी मारे गए।

Leave a Comment