महाकुंभ 2025: पकड़ा गया अवैध तरीके से ठहरा विदेशी, श्रद्धालु कैंप में बना चुका था ठिकाना

प्रियंका कुमारी(संवाददाता)

प्रयागराज।   मेला क्षेत्र में एक रूसी नागरिक अवैध तरीके से घूमते हुए पकड़ा गया। जांच में पता चला कि वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी वह पिछले चार महीने से चोरी-छिपे देश में रह रहा था। उसने मेला क्षेत्र के सेक्टर 15 स्थित कैंप में ठिकाना बना रखा था। पुलिस ने उसे वापस भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध लगने पर पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की तो वह घबराने लगा। जानकारी पर स्थानीय खुफिया एजेंसी के अफसर भी आ गए। जांच पड़ताल में विदेशी ने अपना नाम आंद्रे पॉफकॉप और खुद को रूस का बताया।

दस्तावेजों की पड़ताल में मालूम हुआ कि उसके वीजा की अवधि सितंबर में ही एक्सपायर हो चुकी है। यह भी पता चला कि वह सेक्टर 15 में ही स्थित श्रद्धालुओं के रेनबो कैंप में ठहरा था। पिछले 15 दिनों से वह यहां रह रहा था। पूछताछ के बाद उसे कमिश्नरेट पुलिस को सौंप दिया गया। विस्तृत जांच पड़ताल के बाद आरोपी को विदेशिक पंजीकरण कार्यालय ले जाया गया। इसके बाद वहां से उसके निर्वासन के संबंध में कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए उसे वापस भेज दिया गया। गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी यहां तीन विदेशी पकड़े गए थे। हालांकि बाद में दस्तावेज प्रस्तुत किए थे, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया था।

प्रयागराज में अवैध तरीके से विदेशी नागरिकों के रहने का यह पहला मामला नहीं है। चार महीने पहले यहां युगांडा की एक महिला सिविल लाइंस में अवैध तरीके से स्पा सेंटर में काम करते पकड़ी गई थी। वीजा एक्सपायर होने के बाद भी वह यहां चोरी छिपे रह रही थी। आरोप है कि वह स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार में भी शामिल थी। लगातार अवैध तरीके से विदेशियों के रहने के मामले सामने आने से स्थानीय खुफिया एजेंसियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

रूसी नागरिक वीजा अवधि एक्सपायर होने के बाद भी मेला क्षेत्र में रहते मिला। विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए उसे निर्वासित किया गया है। मेला क्षेत्र में आने वाले विदेशियों का सत्यापन कराया जा रहा है।

Leave a Comment